जखनिया (गाजीपुर) : सऊदी अरब में गाजीपुर के युवक की गोली मारकर हत्या, वेतन विवाद बना मौत की वजह; परिवार में मचा कोहराम

सऊदी अरब में गाजीपुर के युवक की गोली मारकर हत्या, वेतन विवाद बना मौत की वजह; परिवार में मचा कोहराम
जखनिया (गाजीपुर)। गाजीपुर जनपद की जखनिया तहसील अंतर्गत ग्राम सभा अलीपुर मदरा के नवपुरा गांव के एक प्रवासी युवक की सऊदी अरब में गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार नवपुरा निवासी मिश्री यादव के पुत्र विनोद यादव (36 वर्ष) लगभग नौ माह पहले रोजी-रोटी कमाने के लिए सऊदी अरब गए थे। बीते 12 जुलाई की रात उन्हें गोली लगने से मौत हो जाने की सूचना परिजनों को मिली।बताया जा रहा है कि विनोद यादव के साथ उनके भाई प्रमोद यादव भी सऊदी अरब में कार्यरत हैं। प्रमोद यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जिस कंपनी में दोनों काम करते थे, वहां वेतन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान रात में विनोद यादव के कमरे में मौजूद तीन लोगों ने कथित रूप से उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।प्रमोद यादव ने बताया कि स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शव परिजनों को नहीं मिला है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं सऊदी में मौजूद हैं और लगातार प्रशासनिक प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।विनोद यादव चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। परिवार में उनकी पत्नी कुसुम देवी, दो बेटियां और एक पुत्र हैं। इसके अलावा उनकी माता मेवाती देवी तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।सबसे छोटे भाई लाल बहादुर यादव ने बताया कि लगातार फोन के माध्यम से सऊदी में मौजूद भाई से संपर्क बना हुआ है, लेकिन अभी तक शव भारत भेजे जाने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि परिवार पूरी तरह चिंतित है और आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।
परिजनों के अनुसार विनोद यादव इससे पहले भी कई बार सऊदी अरब जाकर काम कर चुके थे। उनके दो अन्य भाई भी सऊदी में कार्यरत हैं। इनमें से एक भाई पहले से वहीं मौजूद है, जबकि दूसरा भाई सऊदी जाने के लिए रास्ते में था। घटना की सूचना मिलने के बाद वह वापस लौट आया है।घटना की खबर गांव पहुंचते ही नवपुरा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं। वहीं परिजन भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों से विनोद यादव का शव जल्द से जल्द भारत लाने तथा घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग कर रहे हैं।


