Breaking Newsभारत

जखनिया (गाजीपुर) : जखनिया रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: बीएचयू इलाज कराने जा रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

जखनिया रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: बीएचयू इलाज कराने जा रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

जखनिया (गाजीपुर)। तहसील जखनिया अंतर्गत रेलवे स्टेशन जखनिया पर बृहस्पतिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 25 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे पुलिस (जीआरपी) को अवगत कराया गया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहन चौहान (25 वर्ष) पुत्र रामाशीष चौहान, निवासी ग्राम बडनपुर, थाना शादियाबाद, जनपद गाजीपुर, अपने बड़े भाई के साथ वाराणसी स्थित बीएचयू में उपचार कराने के लिए जा रहे थे। परिवार के अनुसार मोहन को पिछले कुछ दिनों से सिरदर्द और बुखार की शिकायत थी। एक दिन पूर्व दवा लेने के बाद भी तबीयत में सुधार नहीं होने पर शुक्रवार को पुनः चिकित्सकीय परामर्श के लिए बीएचयू जाने की तैयारी की गई थी।बताया जाता है कि सुबह लगभग 11 बजे बनारस की ओर जाने वाली कृषक एक्सप्रेस जखनिया रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसी दौरान मोहन चौहान ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे कि अचानक उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।मोहन चौहान अपने परिवार में दो भाइयों में छोटे थे। जखनिया बाजार के दक्षिणी केबिन के पास उनकी गिट्टी-बालू एवं हार्डवेयर की दुकान है। बड़े भाई दिनेश चौहान दुकान पर रहकर व्यापार का संचालन करते हैं। परिवार का होनहार युवक इस तरह असमय काल के गाल में समा जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन चालक ने तत्काल स्टेशन मास्टर जखनिया को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने तत्काल कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस को अवगत कराया। चूंकि मामला रेलवे क्षेत्र का था, इसलिए इसकी सूचना जीआरपी मऊ को भी दी गई। जीआरपी टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।उधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के माता-पिता, बहन और अन्य परिजन स्टेशन पहुंच गए। जवान बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरे बडनपुर गांव तथा जखनिया बाजार में इस दुखद घटना से शोक का माहौल व्याप्त है।पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button