गाजीपुर : गाजीपुर में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, ब्लॉक मुख्यालयों पर लगेगा भर्ती शिविर

गाजीपुर में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, ब्लॉक मुख्यालयों पर लगेगा भर्ती शिविर
16 जुलाई से 4 अगस्त तक तिथिवार आयोजित होंगे कैंप, सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर व जीटीओ ऑफिसर पदों पर होगी भर्ती

गाजीपुर, 10 जुलाई। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसआईएस इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में जिले के सभी विकास खंड मुख्यालयों पर तिथिवार भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपजिलाधिकारी सदर ने बताया कि यह भर्ती भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत पारित पसारा एक्ट-2005 के तहत की जाएगी। अभ्यर्थी अपनी सुविधा अनुसार किसी भी विकास खंड मुख्यालय में आयोजित शिविर में भाग ले सकते हैं।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार सदर एवं बिरनो ब्लॉक में 16 एवं 17 जुलाई, करंडा एवं मरदह में 18 एवं 20 जुलाई, बाराचवर एवं मुहम्मदाबाद में 21 एवं 22 जुलाई, भांवरकोल एवं जमानियां में 23 एवं 24 जुलाई, देवकली एवं रेवतीपुर में 25 एवं 26 जुलाई, कासिमाबाद एवं सैदपुर में 27 एवं 28 जुलाई तथा मनिहारी एवं जखनिया ब्लॉक में 3 एवं 4 अगस्त 2026 को भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे।ग्रुप कमांडर रजनीश कुमार राय एवं भर्ती अधिकारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड देश की अग्रणी सुरक्षा सेवा प्रदान करने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी है। कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को सिविल डिफेंस के तहत प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सुरक्षा सैनिक, सुरक्षा सुपरवाइजर एवं जीटीओ ऑफिसर के पदों पर नियुक्ति की जाएगी।सुरक्षा सैनिक पद के लिए अभ्यर्थी की लंबाई 167.5 सेंटीमीटर, सीना 80-85 सेंटीमीटर, वजन 56 से 90 किलोग्राम तथा आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हाईस्कूल उत्तीर्ण रखी गई है। वहीं सुपरवाइजर पद के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण, लंबाई 170 सेंटीमीटर तथा आयु 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों से 350 रुपये पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा तथा उन्हें प्रशिक्षण के लिए जौनपुर भेजा जाएगा। एक माह के प्रशिक्षण के बाद योग्य अभ्यर्थियों की तैनाती वाराणसी, लखनऊ, अयोध्या, दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़, बेंगलुरु, नोएडा, गुरुग्राम सहित देश के विभिन्न प्रतिष्ठानों, होटलों, अस्पतालों, मंदिरों, रेलवे एवं मेट्रो परिसरों में की जाएगी।कंपनी ने बताया कि नियुक्त अभ्यर्थियों को पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, बीमा तथा अन्य नियमानुसार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इच्छुक बेरोजगार युवाओं से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती शिविर में उपस्थित होकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।



