मेधावी छात्रों को स्व. रामआधारे लाल श्रीवास्तव प्रतिभा सम्मान-2026 से किया गया सम्मानित

मेधावी छात्रों को स्व. रामआधारे लाल श्रीवास्तव प्रतिभा सम्मान-2026 से किया गया सम्मानित

बासगांव तहसील क्षेत्र के ठठउर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय ठठउर में गुरुवार को स्व. रामआधारे लाल श्रीवास्तव की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को स्व. रामआधारे लाल श्रीवास्तव प्रतिभा सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 1 से 5 तक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।
सम्मान समारोह का आयोजन स्व. रामआधारे लाल श्रीवास्तव के सुपुत्र राकेश कुमार श्रीवास्तव एवं सुपौत्र हर्ष श्रीवास्तव द्वारा किया गया। राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उनके पिता का विश्वास था कि “शिक्षा ही वह दीप है जो समाज के अंधकार को दूर कर सकता है।” उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके विचारों को आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास है, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़े और वे समाज व राष्ट्र के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष युगेश शुक्ल ने कहा कि ये कार्यक्रम पूर्णात्मा को असली श्रद्धांजलि है कि उनके आगे की पीढ़ी इतने पुण्य कार्य कर उन्हें गौरवान्वित कर कर रही है।
इस अवसर पर श्रीवास्तव परिवार द्वारा विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए इंचार्ज प्रधानाध्यापक नूर आलम को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक नूर आलम ने की। उन्होंने श्रीवास्तव परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर प्रदर्शन की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
समारोह में प्रथम स्थान पर कक्षा 1 के हर्ष कुमार, कक्षा 2 के अंकुश प्रताप, कक्षा 3 की वैष्णवी चौहान, कक्षा 4 की शिखा यादव तथा कक्षा 5 की काव्या वर्मा को सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान पर कक्षा 1 की संयोगीता, कक्षा 2 की अनुष्का, कक्षा 3 के राजू, कक्षा 4 की रितिका तथा कक्षा 5 की सृष्टि यादव को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं तृतीय स्थान पर कक्षा 1 के मोहम्मद अनस, कक्षा 2 के अंकुल, कक्षा 3 की अंजली, कक्षा 4 की स्वीटी गौतम तथा कक्षा 5 की सुजीता गुप्ता को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में हर्ष श्रीवास्तव ने विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष युगेश कुमार शुक्ल, शिक्षक राजकुमार, अंजू सिंह,नीलम यादव, आंगनवाड़ी अनीता भारती, अध्यापक हृदेश कुमार मिश्र, भतीजे दिलीप श्रीवास्तव, अभिभावक कुसुम यादव, अंजू यादव, शारदा बिंदु शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



