गाजीपुर : यूपी-टेट परीक्षा केंद्रों पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने संभाला जलपान स्टॉल, मिला स्वरोजगार का अवसर

यूपी-टेट परीक्षा केंद्रों पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने संभाला जलपान स्टॉल, मिला स्वरोजगार का अवसर
गाजीपुर, 03 जुलाई 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टेट) के सभी 18 परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा जलपान एवं अल्पाहार के स्टॉल लगाए गए।इन स्टॉलों पर परीक्षार्थियों, उनके अभिभावकों तथा परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण चाय, नाश्ता, पेयजल तथा अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस पहल से एक ओर परीक्षा केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं मिलीं, वहीं दूसरी ओर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानजनक स्वरोजगार और आय अर्जित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
जनपद प्रशासन ने इससे पहले भी होमगार्ड भर्ती एवं पुलिस भर्ती परीक्षाओं के दौरान स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जलपान स्टॉल संचालित कराए थे, जिससे महिलाओं को अच्छी आमदनी हुई थी। इसी सफलता को देखते हुए इस पहल को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों को केवल वित्तीय सहायता तक सीमित न रखकर उन्हें स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना शासन और जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों, मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित कर महिलाओं को अधिक से अधिक रोजगार एवं आय के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस प्रकार की पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।



