गाजीपुर : गाजीपुर में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला हिस्ट्रीशीटर अमित राय साथी समेत गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद

गाजीपुर में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला हिस्ट्रीशीटर अमित राय साथी समेत गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद
गाजीपुर, 03 जुलाई 2026। थाना कोतवाली पुलिस ने फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दुर्दांत अपराधी अमित राय और उसके एक साथी आयुष राय को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित अष्टभुजी कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण कुमार उपाध्याय के घर पर दो बाइक सवार बदमाश पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पीड़ित की तहरीर पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 जुलाई को पुलिस ने चेकिंग के दौरान सुखदेवपुर तिराहे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित राय (36 वर्ष) तथा आयुष राय (21 वर्ष) निवासी जोगामुसाहिब, थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई।पुलिस ने बताया कि अमित राय एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ गाजीपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों और बिहार में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती, गैंगस्टर एवं आर्म्स एक्ट समेत लगभग 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2016 में भी अमित राय पर प्रवीण कुमार उपाध्याय के पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है, जिसका मुकदमा थाना भांवरकोल में दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने अंजाम दिया।



