जखनियां (गाजीपुर) : अलीपुर मदंरा की ग्राम चौपाल में पहुंचे डीएम अनुपम शुक्ला, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

अलीपुर मदंरा की ग्राम चौपाल में पहुंचे डीएम अनुपम शुक्ला, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
विकास कार्यों की समीक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं का लिया फीडबैक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जखनियां (गाजीपुर)। विकासखंड जखनियां की ग्राम पंचायत अलीपुर मदंरा में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। चौपाल में जिलाधिकारी ने गांव में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन किया।चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए पूछा कि उन्हें सरकार की कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ मिला है और योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र महिला एवं पुरुष लाभार्थियों तक पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, आवास, पेंशन तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। आसपास के गांवों से आए लोगों ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र सौंपे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम सभा की ऐसी समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका लाभ पूरे गांव को मिले। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।चौपाल में पहुंचने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अटल सिंह एवं सर्वानंद सिंह ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ब्लॉक एवं तहसील प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



