सीएम योगी बोले- ‘एक देश में दो विधान नहीं चलेंगे’, PM मोदी ने 2019 में पूरा किया डॉ. मुखर्जी का सपना

सीएम योगी बोले- ‘एक देश में दो विधान नहीं चलेंगे’, PM मोदी ने 2019 में पूरा किया डॉ. मुखर्जी का सपना

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में अनुच्छेद 370 को समाप्त कर डॉ. मुखर्जी का वह सपना पूरा किया। 1953 से लेकर 2019 तक जनसंघ और बाद में बीजेपी का हर कार्यकर्ता इसके लिए संघर्ष करता रहा। 1975 में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने ‘लोकतंत्र का गला घोंटने’ की कोशिश की थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान पार्टी कार्यकर्ताओं को डॉ. मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों से परिचित कराने का प्रयास है। इसका उद्देश्य बीजेपी कार्यकर्ताओं में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जनसेवा के मूल्यों को बढ़ावा देना है।संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनसंघ और बीजेपी की स्थापना सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए हुई थी। बताया कि 1951 में संस्थापक अध्यक्ष के रूप में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जो यात्रा प्रारंभ हुई, 1977 तक भारतीय जनसंघ के रूप में ये यात्रा मजबूती के साथ आगे बढ़ी थी।
स्वतंत्र भारत की पहली सरकार जब बनी थी, उस सरकार में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी खाद्य और भारी उद्योग के मंत्री थे। बताया कि जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कांग्रेस सरकार की ‘तुष्टिकरण नीतियों’ के विरोध में जवाहरलाल नेहरू के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।सीएम योगी ने कहा, भारतीय जनसंघ ने अपनी यात्रा सत्ता के लिए शुरू नहीं की थी। उसने कश्मीर पर कांग्रेस सरकार की साजिशों को उजागर करने और राष्ट्र की एकता-अखंडता को बनाए रखने के लिए संघर्ष शुरू किया था।
जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे का विरोध करते हुए डॉ. मुखर्जी ने नारा दिया था – ‘एक देश में दो प्रधान, दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे’। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में अनुच्छेद 370 को समाप्त कर डॉ. मुखर्जी का वह सपना पूरा किया। 1953 से लेकर 2019 तक जनसंघ और बाद में बीजेपी का हर कार्यकर्ता इसके लिए संघर्ष करता रहा।
1975 में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने ‘लोकतंत्र का गला घोंटने’ की कोशिश की थी। उस दौरान एक लाख से अधिक जनसंघ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि विकास के लिए राजनीतिक स्थिरता जरूरी है और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को स्थिर सरकारें दीं।सीएम योगी ने दावा किया कि 2014 से पहले वामपंथी उग्रवाद करीब 120 जिलों में फैला था, जो अब ‘एक-दो जिलों’ तक सिमट गया है। कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाओं ने लोगों की जिंदगी बदल दी है। पिछले 11-12 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।



