सादात/गाजीपुर : मुहर्रम को लेकर प्रशासन सख्त, ड्रोन और छतों से होगी निगरानी : डीएम-एसपी ने किया पैदल मार्च

मुहर्रम को लेकर प्रशासन सख्त, ड्रोन और छतों से होगी निगरानी : डीएम-एसपी ने किया पैदल मार्च

सादात/गाजीपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज रजा शनिवार को सादात थाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ताजियादारों एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में ताजियादारों ने जुलूस मार्ग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने बाजार क्षेत्र में कुछ स्थानों पर टेढ़े बिजली के खंभों और जुलूस मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की आवश्यकता बताई। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सोनल जैन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।पिछले दो वर्षों के दौरान मुहर्रम जुलूस में हुई पत्थरबाजी की घटनाओं को देखते हुए इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीएम और एसपी ने सैदपुर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी तथा जखनियां उपजिलाधिकारी अतुल कुमार को निर्देशित किया कि स्थानीय पुलिस बल की सहायता से उन स्थानों को चिन्हित किया जाए, जहां ईंट-पत्थरों के ढेर लगे हैं। साथ ही छतों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों की छतों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्र के अराजक एवं उपद्रवी तत्वों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम और एसपी ने सीओ, एसडीएम, सादात थाना प्रभारी पन्नेलाल यादव एवं भारी पुलिस बल के साथ जुलूस के पूरे पारंपरिक मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस बल को मुस्तैद रहने तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



