Breaking Newsभारत

गाजीपुर : स्वास्थ्य योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर जोर, लापरवाह आशाओं पर होगी कार्रवाई : डीएम

स्वास्थ्य योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर जोर, लापरवाह आशाओं पर होगी कार्रवाई : डीएम

जिला स्वास्थ्य समिति व पल्स पोलियो टास्क फोर्स की बैठक में संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और हेल्थ वेलनेस सेंटरों की समीक्षा

गाजीपुर, 19 जून। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय एवं जनपद स्तरीय टास्क फोर्स (सघन पल्स पोलियो अभियान) समन्वयक की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिन आशा कार्यकत्रियों द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है और जिनका डिलीवरी प्रदर्शन शून्य है, उनके विरुद्ध नोटिस जारी कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने सभी एमओवाईसी को तहसील स्तर पर नियमित रूप से बीएचएनडी बैठकों का आयोजन करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी संचालन तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) एवं एएनएम की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाए तथा उन्हें निःशुल्क भोजन, दवा, ड्रॉप बैक सुविधा और प्रसव के बाद कम से कम 48 घंटे तक स्वास्थ्य केंद्र पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।बैठक में ओपीडी एवं आईपीडी, एफआरयू, आरबीएसके कार्यक्रम, दृष्टिहीनता निवारण, एम्बुलेंस सेवाएं, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, ई-कवच, आभा आईडी, जननी सुरक्षा योजना, मातृत्व मृत्यु दर, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील पाण्डेय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम), समस्त एमओवाईसी एवं अन्य संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button