Breaking Newsभारत

सादात : मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, सादात नगर में एसडीएम-सीओ ने किया फ्लैग मार्च

संवाददाता शिव प्रकाश पांडे की रिपोर्ट।

मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, सादात नगर में एसडीएम-सीओ ने किया फ्लैग मार्च

संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण, ड्रोन निगरानी और छतों पर पुलिस तैनाती की तैयारी

सादात। स्थानीय नगर में मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार शाम जखनियां एसडीएम अतुल कुमार और सैदपुर सीओ रामकृष्ण तिवारी ने भारी पुलिस बल के साथ नगर में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।बीते दो वर्षों में मुहर्रम जुलूस के दौरान पत्थरबाजी की घटनाओं को देखते हुए इस बार पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।एसडीएम अतुल कुमार, सीओ रामकृष्ण तिवारी तथा सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने पुलिस टीम के साथ नगर के संवेदनशील क्षेत्रों एवं पारंपरिक जुलूस मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान रास्तों में आने वाली बाधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था तथा बिजली के तारों की स्थिति का भी बारीकी से जायजा लिया गया।प्रशासन की ओर से मुहर्रम जुलूस के दौरान प्रमुख स्थानों की निगरानी के लिए छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और ड्रोन कैमरों के उपयोग की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।एसडीएम अतुल कुमार ने कहा कि त्योहार भाईचारे और आपसी सौहार्द के प्रतीक हैं तथा इनमें किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, सीओ रामकृष्ण तिवारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।नगरवासियों ने भी प्रशासन को मुहर्रम पर्व शांतिपूर्वक संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button