सादात : ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित त्रिदिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के दूसरे दिन सोमवार को विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।

सादात। ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित त्रिदिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के दूसरे दिन सोमवार को विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए घरेलू उत्पादों और स्वनिर्मित चप्पलों की खूब बिक्री हुई।

खण्ड विकास अधिकारी डॉ. सरजीत सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार और सीएम फेलो डॉ. बृजेश कुमार के निर्देशन में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने लाभार्थियों का नामांकन किया। उन्हें विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से जुड़ने के लिए नियमावली समझाई गई।
पोषण विभाग के स्टॉल पर बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सोनम सिंह और सुपरवाइजर मंजू सिंह के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री रिंकी गौड़ और रतन देवी ने महिलाओं को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही, उन्हें प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के तहत आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बीईओ हेमवंत कुमार के निर्देशन में मीना मंच की नोडल सुमन चौहान, सुगमकर्ता सावित्री यादव, नोडल संकुल शिक्षक अवनी कुमार, नोडल शिक्षक संजय बर्नवाल, एआरपी रविन्द्र प्रताप, शैलेन्द्र शर्मा, राजन गुप्ता ने बेसिक शिक्षा विभाग का स्टॉल लगाया। उन्होंने बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में संचालित नवाचारी शिक्षण गतिविधियों, निपुण भारत मिशन के तहत किए जा रहे प्रयासों और बच्चों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने के लिए अपनाई जा रही प्रभावी शिक्षण विधियों का प्रदर्शन किया। शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण विभाग के अतिरिक्त पंचायती राज विभाग, कृषि, एनआरएलएम, समाज कल्याण, पशुपालन, लघु सिंचाई और विकास विभाग सहित कई अन्य विभागों ने भी स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके बारे में विस्तृत जानकारी देने का कार्य किया गया। इस शिविर का समापन मंगलवार को होगा, जिसमें समस्त विभागों के साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्य और प्रधानगण भी शामिल होंगे।



