छत्तीसगढ़ : सड़क किनारे मिले चना पैकेटों के मामले में खाद्य विभाग ने लिया तत्काल संज्ञान

सड़क किनारे मिले चना पैकेटों के मामले में खाद्य विभाग ने लिया तत्काल संज्ञान
शैलेंद्र कुमार द्विवेदी
इंडिया नाऊ २४
छत्तीसगढ़
बलरामपुर, 30 मई 2026/ विभिन्न मीडिया माध्यमों से प्राप्त गरीबों का चना सड़क के किनारे फेंका के संबंध में खाद्य अधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया जिस पर खाद्य विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त जांच की गई।
जांच में खाद्य निरीक्षक रामानुजगंज तथा पटवारी हल्का द्वारा ग्राम पंचायत कलिकापुर के नीलकंठपुर मोड़ के समीप घटना स्थल का जांच किया गया।
जांच के दौरान लगभग 15 बोरी में 1-1 किलोग्राम पैक चना सड़े-गले अवस्था में पाया गया। पैकेटों पर सितंबर 2024 की पैकिंग तिथि अंकित थी।ग्रामीणों से पूछताछ में भी किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा चना फेंके जाने संबंधी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई।
संयुक्त जांच दल द्वारा मौके पर उपलब्ध चना का परीक्षण किया गया,जिसमें उक्त चना शासकीय उचित मूल्य दुकान के माध्यम से वितरित किए जाने वाला चना पाया गया। जांच के दौरान आवश्यक तथ्य संकलित कर पंचनामा की कार्रवाई भी की गई।
जांच उपरांत मौके पर मिले चना पैकेटों को रोजगार सहायक ग्राम पंचायत कलिकापुर को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चना वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी अथवा खाद्यान्न की कमी की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा मामले की निगरानी की जा रही है तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न का नियमित वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही उक्त मामले में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज करने के निर्देश दिए गए है।



