छत्तीसगढ़ : जिले की सहकारी समितियों में किसानों को समय पर उपलब्ध कराया जा रहा खाद एवं बीज

जिले की सहकारी समितियों में किसानों को समय पर उपलब्ध कराया जा रहा खाद एवं बीज
संतोषीनगर के किसान पवित्र सरकार ने नैनो डीएपी के उपयोग को बताया लाभकारी
शैलेंद्र कुमार द्विवेदी
इंडिया नाऊ २४
छत्तीसगढ़
बलरामपुर, 30 मई 2026/ खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों के मद्देनजर जिले के किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले की सहकारी समितियों में खाद एवं बीज के पर्याप्त भंडारण के साथ-साथ सुव्यवस्थित वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके परिणामस्वरूप किसानों को आवश्यक खाद बीज आसानी से उपलब्ध हो रहे है और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
जिले के विभिन्न सभी 37 सहकारी समितियों में किसानों को शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद एवं बीज का वितरण किया जा रहा है। खरीफ फसल की बुवाई से पूर्व किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों एवं बीजों का भंडारण किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा रहा है।
विकासखंड बलरामपुर के ग्राम संतोषीनगर निवासी किसान श्री पवित्र सरकार ने सहकारी समिति बरदर में उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि उनके पास लगभग 2.5 एकड़ कृषि भूमि है। खरीफ सीजन की तैयारी के लिए उन्होंने बरदर सहकारी समिति से यूरिया एवं नैनो डीएपी प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि नैनो डीएपी के उपयोग से फसलों को आवश्यक पोषक तत्व प्रभावी रूप से प्राप्त होते हैं, जिससे पौधों की प्रारंभिक वृद्धि बेहतर होती है। साथ ही कम मात्रा में उपयोग के बावजूद इसका प्रभाव अच्छा रहता है, जिससे किसानों को सुविधा मिलती है।
उन्होंने कहा कि सहकारी समिति में खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल एवं व्यवस्थित रही और उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। समय पर खाद एवं उर्वरक उपलब्ध होने से खेती की तैयारियां सुचारू रूप से हो रही हैं।
किसान श्री पवित्र सरकार ने किसानों के हित में की जा रही इस व्यवस्था के लिए राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर खाद एवं बीज की उपलब्धता से किसानों का उत्साह बढ़ा है तथा आगामी खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन की उम्मीद मजबूत हुई है।



