छत्तीसगढ़ : मोर गांव मोर पानी अभियान से जल संरक्षण को मिलेगा नया आयाम

मोर गांव मोर पानी अभियान से जल संरक्षण को मिलेगा नया आयाम
जनभागीदारी से जल संरचनाओं के निर्माण पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित
शैलेंद्र कुमार द्विवेदी
इंडिया नाऊ २४
छत्तीसगढ़

बलरामपुर, 30 मई 2026/ जिले में जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मोर गांव मोर पानी अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी आधारित जल संरचनाओं के निर्माण को लेकर जनपद पंचायत वाड्रफनगर के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ग्राम स्तर पर जल संरक्षण गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने तथा जनसहभागिता से 5 प्रतिशत मॉडल संरचना एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनपद सीईओ वाड्रफनगर तथा कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा के द्वारा जल संरक्षण के विभिन्न उपायों, वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि मोर गांव मोर पानी अभियान का उद्देश्य गांवों को जल समृद्ध बनाना तथा जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान सरपंचों, सचिवों एवं तकनीकी सहायकों को अभियान के तहत स्वीकृत किए जाने वाले कार्यों, संरचनाओं के चयन, तकनीकी मापदंडों, कार्यान्वयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में उपस्थित जनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन नियमावली 2026 की भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत वाड्रफनगर के सभी सरपंच, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



