Breaking Newsभारत

गोरखपुर में एसएससी जीडी परीक्षा में अव्यवस्था पर बवाल,आधे अभ्यर्थियों को लौटाने पर सड़क जाम

गोरखपुर में एसएससी जीडी परीक्षा में अव्यवस्था पर बवाल,आधे अभ्यर्थियों को लौटाने पर सड़क जाम

गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज में सोमवार को आयोजित एसएससी जनरल ड्यूटी की लिखित परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। परीक्षा देने पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उनका परीक्षा केंद्र कॉलेज में बनाया गया था, लेकिन केंद्र पर पहुंचने के बाद स्कूल प्रशासन ने आधे छात्रों को यह कहकर वापस कर दिया कि केवल 250 अभ्यर्थियों की ही परीक्षा कराने की व्यवस्था की गई है, जबकि कुल 500 अभ्यर्थियों का सेंटर यहां आवंटित था।

दोपहर 3 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन परीक्षा से वंचित किए गए अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कॉलेज के बाहर सड़क जाम कर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों का कहना था कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कई अभ्यर्थी दूसरे जनपदों से परीक्षा देने पहुंचे थे, जिन्हें अचानक बाहर कर दिए जाने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे। हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बीच परीक्षा के नोडल अधिकारी ने घोषणा की कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा नहीं हो सकी है, उनकी परीक्षा मंगलवार को कराई जाएगी।

बाहर से आए छात्रों ने प्रशासन से रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की मांग भी की। इस पर स्कूल प्रशासन और जिला प्रशासन ने छात्रों को विद्यालय परिसर में ही रुकने की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। हालांकि देर शाम तक कई छात्र सड़क पर बैठे रहे, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button