शादियाबाद, गाजीपुर : दलित एक्ट में फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप, पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लगाया दबाव में कार्रवाई का आरोप

दलित एक्ट में फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप, पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लगाया दबाव में कार्रवाई का आरोप
शादियाबाद, गाजीपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम सराय गोकुल निवासी इन्द्रजीत यादव पुत्र भागीरथ ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के मामले में विपक्षियों के दबाव में आकर शादियाबाद पुलिस ने उनके परिवार के खिलाफ फर्जी तरीके से दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, गांव में लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है, जिसमें विपक्षियों के खिलाफ पहले से फौजदारी एवं दीवानी के कई मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के कुछ लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाकर 12 मई 2026 की घटना को आधार बनाते हुए 16 मई 2026 को शादियाबाद थाने में दलित एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया।
पीड़ित इन्द्रजीत यादव का कहना है कि घटना के दिन कोई विवाद नहीं हुआ था तथा मौके पर 112 नंबर पुलिस भी पहुंची थी। इसके बावजूद विपक्षियों के प्रभाव में आकर उनके परिवार के सदस्यों को झूठे मुकदमे में फंसाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से परिवार मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से परेशान है।
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि परिवार के बुजुर्ग पिता भागीरथ (60 वर्ष), भाई राहुल (22 वर्ष) और दिनेश (21 वर्ष) समेत अन्य सदस्यों को जान-माल का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच कर फर्जी मुकदमा समाप्त करने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



