गाजीपुर : पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश, जिला सैनिक बंधु बैठक में डीएम ने की समीक्षा

पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश, जिला सैनिक बंधु बैठक में डीएम ने की समीक्षा

गाजीपुर, 24 मई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार स्थित राइफल क्लब में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु बैठक आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ विंग कमांडर मो. निशात अफजल के संबोधन से हुआ। बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा सैनिक कल्याण योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैनिकों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों का सम्मान और कल्याण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा किसी भी पूर्व सैनिक या वीरांगना को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।रविवार बैठक में सैनिक परिवारों को मिलने वाली पेंशन, चिकित्सा सुविधा, भूमि संबंधी प्रकरण, पारिवारिक पेंशन, आश्रितों को रोजगार, शिक्षा सहायता एवं अन्य लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सैनिकों से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब न किया जाए।समीक्षा के दौरान बताया गया कि फरवरी से अप्रैल 2026 तक कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 24 प्रकरणों का निस्तारण हो चुका है, जबकि 8 शस्त्र संबंधी एवं 3 अन्य विभागों के मामले लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मामलों की आख्या अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें तत्काल आईजीआरएस पोर्टल पर संबंधित विभाग के नाम दर्ज कराया जाए।जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि बैठक के दिन पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों द्वारा 24 नए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनके शीघ्र निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने अपनी समस्याएं और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनका अनुभव राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बैठक में 72 पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित, वीर नारियां, सैनिक परिवारों के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



