गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो एक मौत पांच घायल

गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो एक मौत पांच घायल
गगहा थाना क्षेत्र के गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाटा बाजार और मजुरी के बीच रामपुर टोले के पास एक तेज रफ्तार पराग दुग्ध वाहन (डीसीएम) ने सड़क किनारे खड़ी शटरिंग मशीन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह एक ट्रैक्टर चालक शटरिंग मशीन और मजदूरों को लेकर छत ढलाई के काम के लिए जा रहा था। रामपुर बस स्टॉप के पास अचानक ट्रैक्टर में तकनीकी खराबी आ गई। चालक की सूचना पर कार्यभार देख रहे सिहाइजपार निवासी अनिल यादव (35) अपनी बाइक से मौके पर पहुंचे। वह सड़क किनारे खड़े होकर वाहन को ठीक करवाने में जुटे थे।
इसी दौरान गोरखपुर से बड़हलगंज की ओर जा रही पराग डेयरी की डीसीएम ने शटरिंग मशीन में पीछे से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल यादव की बाइक डीसीएम के नीचे दब गई और अनिल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर सामान बिखर गया।
दुर्घटना में सिहाइजपार निवासी मजदूर अंजू पुत्र झम्मन और विकास पुत्र कतवारू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके अलावा, मामूली रूप से घायल तीन अन्य मजदूरों का इलाज हाटा बाजार के एक निजी अस्पताल में कराया गया।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर ही दूध वाहन के चालक और खलासी को पकड़ लिया और उनकी धुनाई कर दी। बाद में स्थानीय बुजुर्गों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। सूचना मिलते ही गगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजकुमार सरोज का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



