गाजीपुर : सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति पर जोर

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति पर जोर
जिलाधिकारी ने विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने एवं योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के दिए निर्देश

गाजीपुर, 13 मई 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, विकास कार्यों एवं राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक सीएम डैशबोर्ड ‘दर्पण’ पर आधारित रही, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने विभागीय कार्यों की प्रगति बढ़ाते हुए प्रत्येक माह की 25 तारीख तक पोर्टल पर अद्यतन जानकारी अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायकों के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग, सड़कों के अनुरक्षण, सेतु निर्माण, नई सड़क निर्माण, पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, श्रम एवं सेवायोजन विभाग सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ त्वरित गति से पहुंचाया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की लाभकारी योजनाओं से वंचित न रहे।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ करें और समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा कराना सुनिश्चित करें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, डीसी मनरेगा, अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।



