गाजीपुर : जिला विद्युत समिति की बैठक सम्पन्न, बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने पर हुआ मंथन

जिला विद्युत समिति की बैठक सम्पन्न, बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने पर हुआ मंथन
जनप्रतिनिधियों ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जर्जर तार बदलने एवं शिकायतों के त्वरित समाधान पर दिया जोर
गाजीपुर, 13 मई 2026। ऊर्जा क्षेत्र की विभिन्न केंद्रीय योजनाओं, बिजनेस प्लान, जमा योजना एवं अन्य विद्युत परियोजनाओं की समीक्षा एवं क्रियान्वयन के अनुश्रवण हेतु जिला विद्युत समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार राइफल क्लब में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं जिला विद्युत समिति के संयोजक तथा सांसद अफजाल अंसारी ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में विधायक सदर जयकिशुन साहू, विधायक जमानियां ओमप्रकाश सिंह, विधायक जखनियां वेदी राम, जंगीपुर एवं सैदपुर विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता इं. रामसनेही ने सांसद, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा जनपद में विद्युत विभाग द्वारा कराए गए कार्यों का विधानसभा वार विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर तारों को बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी एवं सांसद ने विद्युत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुचारु एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में प्राप्त सुझावों एवं निर्देशों के अनुपालन के लिए अधिशासी अभियंता (परीक्षण) द्वारा जनपद के सभी अधिशासी अभियंताओं (वितरण) को शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्टोर एवं वर्कशॉप के अनुपस्थित अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश भी दिया गया।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी जेई द्वारा अनुशासनहीनता बरती जाती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सांसद अफजाल अंसारी ने निर्देश दिया कि जनपद के चारों विद्युत खंडों में बड़े बकायेदारों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।बैठक के अंत में सांसद एवं जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्युत व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



