Breaking Newsभारत

जखनिया (गाजीपुर) : जखनिया रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

जखनिया रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

जखनिया (गाजीपुर)। जखनियां तहसील क्षेत्र के जखनिया बाजार स्थित रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित सब्जी बाजार के कारण यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाली यह एकमात्र प्रमुख सड़क इन दिनों ठेला, रेडी एवं सब्जी दुकानदारों के कब्जे के चलते संकरी हो गई है, जिससे आए दिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोगों एवं यात्रियों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि जखनिया सब्जी मार्केट में सड़क के दोनों किनारों पर बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता एवं रेडी लगाने वाले दुकानदार अपनी दुकानें सड़क तक फैला देते हैं। इसके चलते राहगीरों और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब ट्रेन पकड़ने के लिए बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन की ओर जाते हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार लंबा जाम लग जाने के कारण यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती है। लोगों को स्टेशन तक पहुंचने में एक-एक घंटे का समय लग रहा है। सड़क पर चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा, बाइक एवं पैदल यात्रियों के एक साथ फंस जाने से अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। बाजार में किसी प्रकार की ट्रैफिक व्यवस्था न होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारी इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जाती है, जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।

जनता का कहना है कि बाजार में पर्याप्त स्थान होने के बाद भी सड़क किनारे दुकान अपनी दुकान सड़क पर बढ़ाकर लगा लेते हैं , जबकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को स्थायी व्यवस्था बनाकर बाजार को व्यवस्थित करना चाहिए, ताकि आम जनता एवं यात्रियों को राहत मिल सके।

रेलवे स्टेशन मार्ग पर लगातार लग रहे जाम से स्कूली बच्चों, मरीजों एवं दैनिक यात्रियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने जिलाधिकारी एवं तहसील प्रशासन से मांग की है कि रेलवे स्टेशन मार्ग से तत्काल अतिक्रमण हटवाकर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके और समय पर ट्रेन पकड़ने में सुविधा हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button