गोरखपुर में जानवर को बचाने की कोशिश में बोलेरो डिवाइडर से टकराई, तीन रिश्तेदारों की मौत

गोरखपुर में जानवर को बचाने की कोशिश में बोलेरो डिवाइडर से टकराई, तीन रिश्तेदारों की मौत
गोरखपुर के गगहा क्षेत्र में मझगांवा पुलिया के पास गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। जानवर को बचाने की कोशिश में कार डिवाइडर से टकरा गई। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, गगहा के कोठा निवासी शिवम त्रिपाठी (19) पुत्र अरविंद त्रिपाठी के बहन की बुधवार को शादी थी। इस उपलक्ष्य में कौड़ीराम हरिखोरा स्थित ननिहाल में गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां सभी रिश्तेदार जुटे थे।
रात भोजन के बाद शिवम सहित सात लोग कार में सवार होकर कौड़ीराम क्षेत्र के हरिखोरा गांव से रिश्तेदारों को छोड़ने बड़हलगंज जा रहे थे। कार अभी मझगांवा पुल के पास पहुंची थी कि सामने जानवर आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक अनिल त्रिपाठी ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सड़क पार करते हुए डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में शिवम त्रिपाठी (21), उन्नति तिवारी (18) पुत्री संजय तिवारी निवासी कोल्हुआ टाड़ा, बड़हलगंज और विजय नारायण (65) निवासी कोल्हुआ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शशांक पांडेय निवासी हरिखोरा, नर्मदा देवी पत्नी प्रेम सागर निवासी कोल्हुआ टाड़ा और साधना पत्नी नित्यानंद तिवारी निवासी कोल्हुआ टाड़ा, अनिल त्रिपाठी निवासी कोठा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया।



