Breaking Newsभारत

गाजीपुर : आभूषण को निशाना बनाकर ठगी व ब्लैकमेलिंग, 25 लाख की मांग, एफआईआर दर्ज

गाजीपुर

आभूषण को निशाना बनाकर ठगी व ब्लैकमेलिंग, 25 लाख की मांग, एफआईआर दर्ज

गाजीपुर। जिले में ज्वेलर्स को निशाना बनाकर ठगी और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सोने की चेन खरीदने के बहाने एक ज्वेलर को घर बुलाया, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया गया और फिर 25 लाख रुपये की मांग की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, नंदगंज थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में सैदपुर निवासी दीपांशु सोनी, जो स्थानीय बाजार में ज्वेलरी का कारोबार करते हैं, को 11 मार्च को स्नेहलता सिंह नाम की महिला ने फोन कर गहने खरीदने की बात कही। इसके बाद 23 और 24 मार्च को दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होती रही।

बताया गया कि 27 मार्च की रात करीब 9 बजे महिला के बुलावे पर दीपांशु सोनी सोने की चेन लेकर उसके घर पहुंचे। वहां उन्हें चाय दी गई, जिसे पीने के बाद उन्हें चक्कर आने लगे। इसी दौरान महिला ने उनके साथ आपत्तिजनक हरकतें कीं, जबकि पहले से मौजूद उसके तीन साथी—औड़िहार निवासी भरत सिंह, सैदपुर के बबलू पंडित और दबगढ़न के अन्ना—ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

इसके बाद आरोपियों ने वीडियो दिखाकर ज्वेलर को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उन्होंने धमकी दी कि यदि 25 लाख रुपये नहीं दिए गए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। भय के माहौल में आरोपियों ने तमंचा दिखाकर पीड़ित के मोबाइल से 90 हजार रुपये महिला के खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा बाद में पीड़ित के घर जाकर 4.80 लाख रुपये और वसूल लिए गए।

बाकी 20 लाख रुपये की मांग को लेकर आरोपी लगातार फोन कर धमकियां देते रहे। अंततः पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर वाराणसी जोन के डीआईजी से शिकायत की। मैसेज, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

नंदगंज पुलिस ने युवती समेत चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं में घबराने के बजाय तुरंत शिकायत करनी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button