गाजीपुर : 700 फर्जी खातों से 67 करोड़ की ठगी, गाजीपुर में 3 साइबर शातिर गिरफ्तार

गाजीपुर
700 फर्जी खातों से 67 करोड़ की ठगी, गाजीपुर में 3 साइबर शातिर गिरफ्तार
एसपी डॉ ईरज राजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी मीडिया को जानकारी

गाजीपुर। पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े और संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अंतरराज्यीय शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी देशभर में सैकड़ों फर्जी (म्यूल) बैंक खाते खुलवाकर टेलीग्राम पर संचालित ‘Crown Pay’ नेटवर्क को बेचते थे और उन्हीं खातों के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम देते थे। थाना साइबर क्राइम में दर्ज मुकदमा संख्या 11/2026 में कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और साइबर टीम की निगरानी में सर्विलांस व गहन विवेचना के आधार पर 3 अप्रैल को लंका मैदान के सामने फुल्लनपुर तिराहा से तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
ठगी का मास्टरमाइंड प्लान:
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले जरूरतमंद लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। आधार, पैन और फोटो लेकर MSME सर्टिफिकेट व GST रजिस्ट्रेशन कराया जाता था, जिससे करंट अकाउंट खोला जा सके। इसके बाद इन खातों की पूरी डिटेल यूजर आईडी, पासवर्ड, रजिस्टर्ड मोबाइल और ईमेल, टेलीग्राम के जरिए ‘Crown Pay’ गिरोह को भेज दी जाती थी। खेल यहीं खत्म नहीं होता था APK फाइल (CROWN SMS, WPAY आदि) इंस्टॉल कराकर खाताधारकों के मोबाइल में आने वाले OTP तक गैंग के पास पहुंच जाते थे। इसके बाद ठगी की रकम क्रिप्टो प्लेटफॉर्म जैसे Binance और KU-coin के जरिए ट्रांसफर होती थी और कमीशन USDT में लिया जाता था।
67 करोड़ का खेल, 75 से ज्यादा शिकायतें:
पुलिस जांच में सामने आया कि इस गिरोह के खिलाफ देशभर में NCRP पोर्टल पर 75 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 67 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है।
आरोपियों के पास 700 से ज्यादा म्यूल खातों का नेटवर्क था, जिनमें से करीब दो दर्जन खातों का इस्तेमाल सक्रिय रूप से ठगी के लिए किया जा रहा था। पूछताछ में सचिन सिंह ने करीब 2.50 करोड़ और रोहन कुमार ने 1.75 करोड़ रुपये साइबर ठगी से कमाने की बात स्वीकार की है।
कौन हैं गिरफ्तार शातिर: गिरफ्तार शातिर ऋषिराज पुत्र अच्छेलाल निवासी जंगीपुर, पोस्ट सराय गोकुल थाना शादियाबाद, शिक्षा- पालिटेक्निक 2014 चंदौली, रोहन कुमार पुत्र ब्रह्देव खरवार निवासी बरुइन, थाना जमानिया शिक्षा – बीए 2017 उसके बाद डीआरडीओ दिल्ली में कांट्रेक्ट बेसिस पर काम कर चुका है एवं सचिन सिंह पुत्र रामप्रवेश सिंह निवासी खैरपुर थाना करमा जिला सोनभद्र, शिक्षा – बीएससी एजी से वर्ष 2022 में एमएससी है।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से बरामद: गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 19 सिम कार्ड, 12 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 1 चेकबुक 5 मोबाइल फोन (लगभग 2 लाख कीमत), फर्म की मोहर व GST/MSME दस्तावेज बरामद हुआ।
अगर आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।



