काशी विश्वनाथ मंदिर में ‘सुगम दर्शन’ के नाम पर ठगी का खुलासा: 9 आरोपी गिरफ्तार

काशी विश्वनाथ मंदिर में ‘सुगम दर्शन’ के नाम पर ठगी का खुलासा: 9 आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी में श्रद्धालुओं से ठगी और दुर्व्यवहार करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। काशी विश्वनाथ मंदिर में “सुगम दर्शन” के नाम पर बाहर से आए यात्रियों से अवैध धन वसूली करने वाले 9 आरोपियों को थाना दशाश्वमेध पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में की गई। सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 25 मार्च 2026 को मंदिर के गेट नंबर-2 की गली से सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी वाराही देवी मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में “VIP या सुगम दर्शन” कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से धन वसूलते थे और कई बार उनके साथ दुर्व्यवहार भी करते थे।
सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं (BNS) में मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुभम साहनी, संजय कसेरा, प्रशांत सेठ, मिथलेश मिश्रा, लकी पाण्डेय, गणेश साहनी, अमन यादव, राहुल और वंश वाजपेयी शामिल हैं।
पुलिस टीम में अनुजमणि तिवारी, विजय कुमार सिंह, अरविंद कुमार यादव, शुभम सिंह, रवि सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं और केवल अधिकृत माध्यमों से ही दर्शन करें।



