Breaking Newsभारत

पानी की टंकी तीन महीने से बंद, डीएम ने जल निगम के जेई, एई और एक्सईएन का वेतन काटा

पानी की टंकी तीन महीने से बंद, डीएम ने जल निगम के जेई, एई और एक्सईएन का वेतन काटा

लखनऊ में समाधान दिवस पर पानी की टंकी बंद होने पर अधिकारियों का वेतन काटा गया। पेंशन गड़बड़ी, राशन दुकान में बिजली और जल योजना की समस्याएं सामने आईं। कई मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कुल 383 शिकायतों में से 55 का मौके पर निस्तारण हुआ, बाकी के लिए समयसीमा तय की गई।

समाधान दिवस पर गांव सैदापुर में पानी की टंकी के तीन महीने से बंद होने की शिकायत जिलाधिकारी से की गई। इस पर उन्होंने जल निगम के जेई, एई और एक्सईएन को तलब कर फटकार लगाते हुए उनसे जवाब तलब करने और सभी का एक-एक दिन का वेतन काटने के साथ आपूर्ति तत्काल बहाल कराने का भी आदेश दिए।

गांव करोरा में कई अपात्रों को वृद्धावस्था पेंशन मिलने का मामला आया। शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने बताया कि जांच में मामला सही पाए जाने के बावजूद विभाग ने कार्रवाई नहीं की। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारी को फटकार लगाते हुए अपात्रों के खिलाफ आरसी जारी कर धन वसूली के निर्देश दिए।

भसंडा गांव में अन्नपूर्णा राशन दुकान पर बिजली कनेक्शन न होने की शिकायत पर अधिकारियों को तलब किया गया। डीएम ने आपूर्ति विभाग और लेसा के अधिकारियों को तीन दिन में कनेक्शन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मऊ गांव की सरिता दिव्यांग पति दीपक के साथ फरियाद लेकर पहुंचीं। जिलाधिकारी ने दीपक के पास आकर उनकी बात सुनी व पिंक शौचालय पर उसकी पुनः तैनाती का आदेश एसडीएम को दिए।

प्रधान, सचिव, बीडीओ पर षड्यंत्र के तहत हटाने का आरोप
बख्शी का तालाब। मंडौली ग्राम सभा की हटाई गईं पंचायत सहायक अर्चना वर्मा ने संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में नौवीं बार एडीएम राजस्व को शिकायत दी। आरोप लगाया कि उन्हें षड्यंत्र के तहत हटाया गया है, जिसमें प्रधान, सचिव और बीडीओ शामिल हैं। वह मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर जिलाधिकारी, सीडीओ, डीपीआरओ, एसडीएम बख्शी का तालाब को शिकायत दे चुकी हैं।

उधर, दौलतपुर पंचायत के ग्रामीण हर घर जल योजना की अव्यवस्था से परेशान हैं। दो महीने से ग्रामीणों को घरों में लगी टोंटी से पानी नहीं मिल रहा है। एसडीएम ने बीडीओ को जांचकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इटौंजा नगर पंचायत के सभासद सत्यम पांडेय ने दुकानों पर कब्जे की शिकायत एडीएम राजस्व से की।

383 शिकायतें, 55 का मौके पर निस्तारण

जिले की पांचों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 383 प्रकरण आए। इनमें से 55 का मौके पर निस्तारण किया गया। मोहनलालगंज में 166 में से 31 मामलों का तुरंत निपटारा किया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह में गुणवत्ता के साथ किया जाए। शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने सभी प्रकरणों की फोटो व वीडियो सहित आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। सदर तहसील में 33 में से चार, बीकेटी में 63 में से 11, मलिहाबाद में 42 में से चार तथा सरोजनीनगर में 79 में से पांच प्रकरणों का निस्तारण किया गया। अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button