गाजीपुर : शहीद दिवस पर युवाओं ने अमर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प

शहीद दिवस पर युवाओं ने अमर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प
गाजीपुर, 23 मार्च 2026। मेरा युवा भारत गाजीपुर एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शहीद दिवस के अवसर पर सती अनुसुइया शिक्षा निकेतन, मेदिनीपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्य अतिथि समाजसेवी कमलेश प्रकाश सिंह ने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मेरा युवा भारत गाजीपुर के राज्य निदेशक कपिल देव ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और शहीदों के आदर्शों को अपनाकर ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला मंत्री सुमन बिंद ने कहा कि शहीद दिवस हमें अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराता है।
इस अवसर पर समाजसेवी प्रतिभा और प्रधानाचार्य रागिनी सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं से शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जागरूकता रैली में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन सुभाष चंद्र प्रसाद ने किया। इस दौरान खुशी मौर्य, रंजन यादव, निगार, मुस्कान, रेशमा सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने विचार रखे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभी ने शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।



