गाजीपुर : डीएम का सैदपुर तहसील में औचक निरीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव व साफ-सफाई के निर्देश

डीएम का सैदपुर तहसील में औचक निरीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव व साफ-सफाई के निर्देश
गाजीपुर, 23 मार्च 2026। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने तहसील सैदपुर के विभिन्न कार्यालयों और पटलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपजिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, न्यायिक तहसीलदार न्यायालय तथा खतौनी कम्प्यूटर कक्ष का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई तथा कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संग्रह कार्यालय और रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया, जहां लंबित पत्रावलियों, ऑनलाइन आरसी, स्टाम्प रजिस्टर, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, खसरा और खतौनी सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सैदपुर, तहसीलदार सैदपुर, नायब तहसीलदार सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।



