गुरुग्राम : समझौता टूटा तो शिवसेना उतरी मैदान में, दबाव के बाद बंद हुई मीट की दुकानें

रिपोर्टर इंडिया नाउ 24 सुरेंद्र गुरुग्राम
समझौता टूटा तो शिवसेना उतरी मैदान में, दबाव के बाद बंद हुई मीट की दुकानें
भाईचारा एकतरफा क्यों?”—शिव सेना का कहना
शिवसेनिको के पहुँचते ही मीट मार्केट में गिरे शटर
समय पर नहीं बंद हुई दुकानें, संगठनों की कार्रवाई के बाद प्रशासन की मौजूदगी में हुआ बंद
नवरात्रि में मीट बिक्री पर विवाद, शिवसेना बोली—समझौता निभाओ, वरना बंद करवाएंगे

गुरुग्राम। ईद की नमाज़ के बाद तय समझौते के बावजूद मीट-मांस की दुकानें बंद न होने पर शनिवार को शिवसेना ने मोर्चा संभाला और दुकानों को बंद करवाने की कार्रवाई की। संगठनों ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले हुए समझौते के अनुसार ईद की नमाज़ सुबह 8 बजे के बाद दो घंटे के भीतर यानी 10 बजे तक मीट की दुकानों को बंद करना तय हुआ था, लेकिन निर्धारित समय पर दुकानें खुली रहीं।
इस पर शिवसेना पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से बातचीत की और समझौते का पालन करने की अपील की। शिव सेना का कहना था कि “भाईचारा सिर्फ एक पक्ष ही क्यों निभाए, जब समझौता हुआ है तो सभी को उसका पालन करना चाहिए।” इसके बाद मीट मार्केट के दुकानदारों ने दुकानों को बंद करना शुरू कर दिया।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पूरे घटनाक्रम को मीडिया कर्मियों ने लाइव प्रसारित किया। शिवसेना नेताओं ने कहा कि मीडिया के सहयोग और मौके पर हुई बातचीत के बाद दुकानों को बंद कराया जा सका। उन्होंने मीडिया का धन्यवाद भी किया।
शिवसेना और अन्य संगठनों ने मांग रखी कि नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान क्षेत्र में कोई भी मीट की दुकान न खोली जाए। संगठनों ने दावा किया कि शहरी विकास मंत्री विपुल गोयल द्वारा भी नगर निगम क्षेत्र में मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल, प्रशासन ने स्थिति को शांतिपूर्ण बताते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है।



