घर में अवैध गैस रीफिलिंग का चल रहा था खेल, टीम ने छापा मारकर पकड़ा; महिला पर केस दर्ज

घर में अवैध गैस रीफिलिंग का चल रहा था खेल, टीम ने छापा मारकर पकड़ा; महिला पर केस दर्ज
राजधानी में घर में अवैध गैस रीफिलिंग का खेल चल रहा था। टीम ने छापा मारकर महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी महिला पर केस दर्ज किया गया है।
राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलिंडरों में अवैध रीफिलिंग का मामला सामने आया है। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारकर मौके से सिलिंडर व उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जिला पूर्ति अधिकारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय छावनी मड़ियांव के पास एक गुमटी में घरेलू गैस सिलिंडरों से छोटे सिलिंडर में अवैध रूप से रीफिलिंग की जा रही है। उनके निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने 19 मार्च की रात करीब 9:30 बजे छापा मारा।
छोटे सिलिंडरों में गैस भरने का काम चल रहा था
टीम ने कूड़ा घर और ट्रांसफार्मर के बीच स्थित गुमटी के पीछे बने कच्चे मकान में छापा मारा। मौके पर घरेलू गैस सिलिंडरों से 5 किलो के छोटे सिलिंडरों में गैस भरने का काम चल रहा था। कार्रवाई के दौरान 14.2 किलो के दो घरेलू गैस सिलिंडर, 5 किलो के दो छोटे सिलिंडर, रीफिलिंग उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पेटीएम स्कैनर सहित अन्य सामान बरामद किया गया।



