गाजीपुर : गाजीपुर की नंदिनी गुप्ता ने एशियन चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक, 10 किमी दौड़ में देश का बढ़ाया मान

गाजीपुर की नंदिनी गुप्ता ने एशियन चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक, 10 किमी दौड़ में देश का बढ़ाया मान

गाजीपुर:जनपद की प्रतिभाशाली खिलाड़ी नंदिनी गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल कर देश और जिले का नाम रोशन किया है। जापान के फुकुओका में 21 फरवरी 2026 को आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने 10 किलोमीटर दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया।नंदिनी गुप्ता, जिनके पिता का नाम गोवर्धन गुप्ता और माता का नाम तारा देवी है, ने वर्ष 2011 में खेल की शुरुआत की थी। प्रारंभिक प्रशिक्षण उन्होंने कोच दिवाकर यादव के निर्देशन में प्राप्त किया। इसके बाद वर्ष 2012 में उनका चयन लखनऊ स्थित हॉस्टल में हुआ, जहां उन्होंने विमला सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया और लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतते हुए रिकॉर्ड स्थापित किए।वर्ष 2016 में उन्होंने बहरीन में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। इसके पश्चात बेंगलुरु में इंडिया कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ष 2017 में उनका चयन रेलवे में क्लर्क पद पर हुआ, जहां वह पिछले 8 वर्षों से कार्यरत हैं।हाल ही में दिसंबर 2025 में इंटर रेलवे प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। राष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया और इसके बाद एशियन चैंपियनशिप के लिए चयनित हुईं।नंदिनी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



