Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : गैस सिलेंडर वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को एसडीएम जखनियां एवं क्षेत्राधिकारी ने की बैठक

गैस सिलेंडर वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को एसडीएम जखनियां एवं क्षेत्राधिकारी ने की बैठक

कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की दी चेतावनी

जखनियां (गाजीपुर)। क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शनिवार की शाम भूडकुड़ा कोतवाली परिसर में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने की, जबकि पुलिस उपाधीक्षक शुभम वर्मा व पूर्ति अधिकारी गोविंद कुमार सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में गैस एजेंसी एवं पेट्रोलियम फर्मों के प्रोपराइटरों के साथ वितरण व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति और उपभोक्ताओं को होने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने निर्देश दिया कि सभी एजेंसी संचालक अपने यहां उपलब्ध रसोई गैस सिलेंडरों का दैनिक स्टॉक और बिक्री का पूरा विवरण अपडेट रखें, ताकि प्रशासन को सही स्थिति की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी से बचने के लिए मीडिया को भी सही और तथ्यात्मक जानकारी दी जाए।

एसडीएम ने कहा कि यदि कोई एजेंसी संचालक या अन्य व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडर को अधिक दामों पर बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एजेंसी संचालकों को अपने प्रतिष्ठान पर बोर्ड लगाकर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया कि कितने उपभोक्ताओं की बुकिंग है और प्रतिदिन कितने सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है।

बैठक में यह भी बताया गया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल बंद है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। एजेंसी संचालकों ने प्रशासन को अवगत कराया कि कई बार सर्वर की समस्या के कारण उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग कराने में दिक्कत होती है।

इस दौरान महिलाओं को रसोई गैस की उपलब्धता से होने वाली परेशानियों और एक सिलेंडर से कितने समय तक भोजन बन पाता है जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। एसडीएम अतुल कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी पारंपरिक ईंधन के साधन उपलब्ध हैं, इसलिए आपात स्थिति में उनका उपयोग किया जा सकता है।

बैठक में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक कुमार, मनीष साहू, मोती पासी, सर्वानंद गिरी, रामनवल यादव, अभिमन्यु सिंह, सूबेदार यादव, उमेश यादव, नवीन यादव, शंकर, प्रदीप शर्मा, ओमप्रकाश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button