जखनिया, गाज़ीपुर : करंट की चपेट में आई कीमती भैंस, लापरवाही ने छीना गरीब किसान का सहारा

करंट की चपेट में आई कीमती भैंस, लापरवाही ने छीना गरीब किसान का सहारा
जखनिया, गाज़ीपुर। भुड़कुंडा कोतवाली क्षेत्र के नसरतपुर घिरजी गांव में सोमवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। सुबह करीब 9:00 बजे किसान राजदेव यादव की लगभग एक लाख रुपये मूल्य की भैंस घर के बाहर नाद पर चारा खा रही थी। उसी दौरान ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की नंगी बिजली तार अचानक टूटकर सीधे भैंस के ऊपर गिर गई।
भैंस अभी ठीक से चारा भी नहीं खा पाई थी कि तेज करंट की चपेट में आकर मौके पर ही छटपटाने लगी। अपने पशु को तड़पता देख जैसे ही श्यामनारायण यादव उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, वे भी बिजली के झटके से प्रभावित हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए उच्च अधिकारियों से लेकर जेई तक को कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। कुछ देर बाद बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आपूर्ति बंद की गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं राजदेव यादव के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग सक्रिय हो जाता, तो इस बड़े नुकसान से बचा जा सकता था।
मौके पर बिजली विभाग के जेई सुनील कुमार, राजकीय पशु अस्पताल के उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरेंद्र कुमार, समाजसेवी पीयूष विक्रम यादव, विकासु सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।



