गाजीपुर : विधान सभा क्षेत्र 376-जंगीपुर के मतदेय स्थलों का डीएम ने किया निरीक्षण, विशेष पुनरीक्षण अभियान की प्रगति पर ली जानकारी

विधान सभा क्षेत्र 376-जंगीपुर के मतदेय स्थलों का डीएम ने किया निरीक्षण, विशेष पुनरीक्षण अभियान की प्रगति पर ली जानकारी

गाजीपुर, 22 फरवरी 2026 (सू0वि0)। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आज विधान सभा क्षेत्र 376-जंगीपुर के विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय गाजीपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में भाग संख्या 338 से 346 तक के बूथों का जायजा लिया तथा सभी बूथ लेवल अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी ली तथा मौके पर उपस्थित नागरिकों से संवाद कर निर्वाचक नामावली की स्थिति जानी।
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है। फॉर्म-6 ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन के लिए मतदाता पोर्टल अथवा वोटर हेल्पलाइन ऐप का उपयोग किया जा सकता है। आवेदन के उपरांत संबंधित बीएलओ द्वारा नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाम अपमार्जन (हटाने) हेतु फॉर्म-7 तथा नाम, फोटो या पते में संशोधन/स्थान परिवर्तन हेतु फॉर्म-8 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को दिया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि जिन नागरिकों ने अपना मोबाइल नंबर मतदाता सूची से लिंक कर रखा है, वे वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से परिवार के सभी सदस्यों का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में एक साथ देख सकते हैं। जिनका मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, वे निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर जाकर अपना नाम खोज सकते हैं। सत्यापन के उपरांत भी नाम सूची में न मिलने की स्थिति में फॉर्म-6 भरना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की फोटो अस्पष्ट है अथवा जो “नो मैपिंग” श्रेणी में हैं, वे संबंधित बूथ पर उपस्थित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक सुधार करा सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा हेतु प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है, जहां आमजन को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है तथा एसडीएम स्तर के अधिकारी भी निगरानी में लगे हैं। पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। नागरिक किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन ऐप का उपयोग कर सकते हैं। नई व्यवस्था के तहत नागरिक बीएलओ को कॉल रिक्वेस्ट भी भेज सकते हैं, जिस पर संबंधित बीएलओ स्वयं संपर्क करेंगे।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार बिरनों सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



