दुल्लहपुर (गाजीपुर) : अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल व्यापारी की इलाज के दौरान मौत, गांव में पसरा मातम

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल व्यापारी की इलाज के दौरान मौत, गांव में पसरा मातम
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के हरदासपुर खुर्द गांव स्थित गाजीपुर–आजमगढ़ हाईवे पर एक सप्ताह पूर्व हुए सड़क हादसे में घायल जूता-चप्पल के व्यापारी की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के देवा गांव निवासी गुलाम रसूल कुरैशी (45 वर्ष) बीते सोमवार को मऊ जनपद से व्यापार कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदासपुर खुर्द के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पहले उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
लगातार इलाज के बावजूद रविवार की रात गुलाम रसूल कुरैशी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी अफसाना, दो बेटे और दो बेटियों सहित पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के छोटे भाई मुन्नू भाई ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल होने के बाद से ही उनका इलाज चल रहा था, लेकिन आखिरकार उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग व ग्रामीण एकत्र हो गए। समाजसेवी निजामुद्दीन सिद्दीकी, उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री सुरेश साहू, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपक चौरसिया, सुनील प्रताप यादव, जब्बार अंसारी सहित अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
इस संबंध में दुल्लहपुर थाना प्रभारी वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के मामले में अब तक परिजनों द्वारा कोई सूचना या लिखित शिकायती पत्र थाने में प्राप्त नहीं हुआ है।



