Breaking Newsभारत

गुरुग्राम : विधायक मुकेश शर्मा जी द्वारा में 31वीं भव्य पैदल महायात्रा का आयोजन, श्याम भक्ति में डूबा गुरुग्राम

रिपोर्टर इंडिया नाउ 24 सुरेंद्र गुरुग्राम

विधायक मुकेश शर्मा जी द्वारा में 31वीं भव्य पैदल महायात्रा का आयोजन, श्याम भक्ति में डूबा गुरुग्राम

गुरुग्राम, 9 फरवरी: रविवार को गुरुग्राम पूरी तरह से बाबा खाटू श्याम जी की भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। “हारे के सहारे बाबा श्याम हमारे” के जयघोष और श्याम नाम की गूंज के बीच हजारों श्याम भक्तों ने श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ 31वीं भव्य पैदल महायात्रा में सहभागिता की। इस पावन यात्रा का आयोजन गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा की ओर से किया गया।

महायात्रा की शुरुआत सेक्टर-21 स्थित विधायक मुकेश शर्मा के निज आवास से हुई, जो गुरुग्राम के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू धाम के लिए प्रस्थान करेगी। यह यात्रा आगामी 13 फरवरी को बाबा श्याम के दरबार में पहुंचेगी। यात्रा में शहरवासियों और श्याम प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

हाथों में बाबा श्याम का निशान लिए श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, भजनों और जयकारों के साथ नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। जैसे ही महायात्रा सदर बाजार पहुंची, पूरा क्षेत्र श्याम भक्ति के रंग में रंग गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया, वहीं हेलीकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रही।

महायात्रा में बाबा खाटू श्याम जी, माता शीतला, राधा-कृष्ण जी, भगवान गणेश जी के सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने रहे। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जलपान, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं।

इस अवसर पर विधायक श्री मुकेश शर्मा ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का महापर्व है। उन्होंने जानकारी दी कि फाल्गुन मेले के दौरान खाटू धाम में 14 फरवरी से 28 फरवरी तक 24 घंटे का सेवा शिविर लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि श्री खाटू श्याम फाल्गुन मेला एवं सेवा शिविर सावरथिया धर्मशाला, नियर गोल्डन वाटर पार्क, रिंगस रोड, खाटू श्याम जी (राजस्थान) में आयोजित किया जाएगा, जहां देशभर से आने वाले श्याम भक्तों के लिए 24 घंटे भंडारा, विश्राम, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

गौरतलब है कि विधायक श्री मुकेश शर्मा स्वयं प्रतिवर्ष इस पदयात्रा में सहभागी बनकर खाटू धाम पहुंचते हैं और फाल्गुन मेले की शुरुआत से लेकर अंत तक सेवा शिविर के माध्यम से निरंतर सेवा कार्य करते हैं।

श्री मुकेश शर्मा ने समस्त श्याम भक्तों से विनम्र अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में खाटू धाम पहुंचकर सेवा शिविर का लाभ लें और बाबा श्याम जी के आशीर्वाद के सहभागी बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button