लखनऊ 1090 चौराहे से चलेगी डबल-डेकर ई बस, लखनऊ की सैर कराएगी

लखनऊ 1090 चौराहे से चलेगी डबल-डेकर ई बस, लखनऊ की सैर कराएगी
लखनऊ। राजधानी के प्रमुख स्थलों के भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों को अब भटकना नहीं पड़ेगा। उनके लिए गोमतीनगर के 1090 चौराहे से इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस चलाई जाएगी। इसमें प्रशिक्षित गाइड भी होंगे, जो यहां के प्राचीन धार्मिक स्थलों के इतिहास, मान्यताओं व विरासत के बारे में जानकारी देंगे। जल्द ही इसका रूट व किराया तय किया जाएगा।पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभाग की समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डबल डेकर बस का शुभारंभ भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर को प्रस्तावित है। इसकी सभी औपचारिकता जल्द पूरी की जाए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं के बचे कामों को 31 दिसंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। कहा, निर्माण कार्यों में वित्तीय अनुशासन, समयबद्धता व गुणवत्ता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। घटिया सामग्री का प्रयोग मिलने पर संबंधित ठेकेदार व कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जहां भी पर्यटन व संस्कृति विभाग की परियोजनाएं चल रही हैं, वहां बोर्ड लगाएं। बोर्ड पर परियोजना का नाम, अनुमानित लागत, पूरी होने की तिथि, अधिशासी व सहायक अभियंता के मोबाइल नंबर, कार्यदायी संस्था का नाम व नंबर दर्ज करें।
बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, महानिदेशक पर्यटन राजेश कुमार द्वितीय, पर्यटन विकास निगम के एमडी आशीष कुमार, विशेष सचिव संस्कृति संजय कुमार सिंह, पर्यटन सलाहकार जेपी सिंह, अपर निदेशक संस्कृति डॉ. सृष्टि धवन, निदेशक पुरातत्व रेनु द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
रामलीला मैदानों की चारदीवारी में एकरूपता हो
जयवीर सिंह ने हरदोई, एटा, अलीगढ़, पीलीभीत, फिरोजाबाद, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अमरोहा में निर्माणाधीन रामलीला चारदीवारी को 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बड़े रामलीला मैदान में आगंतुकों के लिए टॉयलेट कॉम्प्लेक्स बनाने को कहा। कहा, निर्माणाधीन रामलीला मैदानों की चारदीवारी में एकरूपता होनी चाहिए। दीवारों पर सनातन परंपरा की झलक दिखनी चाहिए।



