Breaking Newsभारत

लखनऊ में विधायक निवास दारुलशफा के बाहर टावर पर चढ़ा अयोध्या का युवक, बोला- मुझसे ही मारपीट कर मुझ पर ही लिख दिए मुकदमे, अब मरना ही विकल्प

लखनऊ में विधायक निवास दारुलशफा के बाहर टावर पर चढ़ा अयोध्या का युवक, बोला- मुझसे ही मारपीट कर मुझ पर ही लिख दिए मुकदमे, अब मरना ही विकल्प

लखनऊ। सोमवार को लखनऊ के दारुलशफा स्थित विधायक निवास के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। अयोध्या से आया एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और सुसाइड करने की धमकी देने लगा। सूचना पर हजरतगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

काफी देर तक पुलिस उसे समझाती रही, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। उसका कहना था- “मेरे साथ मारपीट की गई और मेरे ही खिलाफ मुकदमा लिख दिया गया। कहीं न्याय नहीं मिल रहा, अब केवल मौत ही इसका चारा है।”

स्थिति बिगड़ती देख फायर फाइटर्स हाइड्रोलिक मशीन की मदद से टावर तक पहुंचे और लंबे समय तक बातचीत के बाद उसे भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई होगी, तब जाकर वह टावर से हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म पर आया।

एक बार मारपीट, कई मुकदमे दर्ज

टावर पर चढ़ने वाले युवक ने अपनी पहचान अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र के रामपुर जनक गांव निवासी *अंकुर सिंह पुत्र रामकरन सिंह* के रूप में बताई।

अंकुर का आरोप है कि 28 मई को उसके साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उसी के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए गए। अंकुर ने आरोप लगाया कि उससे 5 हजार रुपये लेकर उसके खिलाफ ही मुकदमे लिखे गए। उसने मोबाइल में अपनी शिकायती पत्र की कॉपी भी पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों को दिखाई।

उसका कहना था कि जब उसे जान से मारने की धमकी मिली, तब जाकर उसकी शिकायत पर मुकदमा तो दर्ज हुआ, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।

युवक के पास 2 बोतल में पेट्रोल मिला

फायर टीम ने जब युवक को नीचे उतारा तो उसके पास 2 बोतल में पेट्रोल भी मिला। वह आत्मदाह करने के इरादे से टावर पर चढ़ा था।

फायर फाइटर्स ने उसे समझाया कि टावर पर चढ़ना सही तरीका नहीं है, शिकायत के लिए दूसरे माध्यम हैं। युवक को सकुशल उतारने में फायरमैन संजय, फायरमैन चंद्रेश यादव और चालक झब्बूराम शामिल रहे। पुलिस उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button