लखनऊ में सड़क किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, गले पर कसाव के निशान; हत्या कर फेंके जाने की आशंका

लखनऊ में सड़क किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, गले पर कसाव के निशान; हत्या कर फेंके जाने की आशंका

लखनऊ। मानकनगर थाना क्षेत्र में आरडीएसओ कॉलोनी के पास सोमवार सुबह करीब 9 बजे सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मानकनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला संदिग्ध देखते हुए उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद एडीसीपी सेंट्रल जितेंद्र दुबे, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गला कसकर हत्या की आशंका
पुलिस के मुताबिक महिला के गले पर कसाव के निशान मिले हैं। आशंका है कि पहले गला कसकर उसकी हत्या की गई और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए सुनसान जगह पर फेंक दिया गया।
पुलिस लूटपाट के बाद हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस महिला की शिनाख्त में लगी है। पहचान के लिए टीमें लगाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।



