लखनऊ में अगस्त में 8 साल का रिकॉर्ड टूटा, 330 MM बारिश से मानसून का कोटा फुल, आज भी झमाझम जारी

लखनऊ में अगस्त में 8 साल का रिकॉर्ड टूटा, 330 MM बारिश से मानसून का कोटा फुल, आज भी झमाझम जारी
लखनऊ, 2 सितंबर 2026। राजधानी लखनऊ में इस बार अगस्त महीने में रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई है। पिछले 8 साल में अगस्त में इतनी बारिश नहीं हुई थी। पूरे अगस्त महीने में 330 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जिससे मानसून का कोटा पूरा हो गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी राजधानी में बारिश का दौर जारी है। रहीमाबाद, सरोजनीनगर और गोमतीनगर में देर रात से तेज बारिश हो रही है। आज भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को कहां कितनी बारिश हुई –
मंगलवार देर शाम तक लखनऊ के विभिन्न इलाकों में हुई बारिश का आंकड़ा –
– चिनहट – 59 मिमी
– अम्बेडकर पार्क – 54 मिमी
– राजभवन – 45.5 मिमी
– बक्शी का तालाब – 36.5 मिमी
– जनेश्वर मिश्र पार्क – 26.5 मिमी
– काकोरी – 26 मिमी
– अमौसी – 9 मिमी
सभी सेंटरों को मिलाकर शहर की औसत बारिश करीब 36.7 मिलीमीटर रही। मानसून सीजन में 1 जून से 1 सितंबर तक सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 525.5 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
अगस्त में क्यों हुई इतनी बारिश?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगस्त के दौरान बंगाल की खाड़ी में कुल 7 कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) बने। इनमें से 3 सिस्टम काफी मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल गए, जिससे पूरे उत्तर प्रदेश में जमकर बादल बरसे।
प्रदेश की बात करें तो यूपी में भी अगस्त 2026 में सामान्य से 24% ज्यादा बारिश हुई है। प्रदेश में 291.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य 235.5 मिमी है। यह 2018 में 293.1 मिमी के बाद अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश है।
सितंबर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने सितंबर के लिए भी पूर्वानुमान जारी किया है। पश्चिमी यूपी में प्रशांत महासागर में एल-निनो के असर के कारण सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है, जबकि हिंद महासागर में बन रही अनुकूल परिस्थितियों के कारण दक्षिण-पूर्वी यूपी में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। मध्य यूपी में बारिश सामान्य रहने के आसार हैं।
विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहेगा और 6 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
