जखनिया : टॉप-21 मेधावी छात्र-छात्राओं की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा विद्यालय प्रबंधन

टॉप-21 मेधावी छात्र-छात्राओं की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा विद्यालय प्रबंधन
1 सितंबर को होगा भव्य सम्मान समारोह, शिक्षण सामग्री, ड्रेस, साइकिल व फीस की सुविधा होगी पूर्णतः निशुल्क
जखनिया। तहसील जखनिया क्षेत्र के ग्राम सभा अलीपुर मदंरा स्थित स्वर्गीय राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज में शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने की दिशा में विद्यालय प्रबंधन ने सराहनीय पहल की है। विगत 16 अगस्त को स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह की स्मृति में आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-21 छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर ली गई है।विद्यालय प्रबंधन द्वारा इन मेधावी छात्र-छात्राओं को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के लिए आवश्यक समस्त शिक्षण सामग्री, विद्यालय की ड्रेस, आने-जाने के लिए साइकिल तथा विद्यालय की फीस उपलब्ध कराई जाएगी। इन सभी सुविधाओं का पूरा खर्च विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा वहन किया जाएगा और चयनित छात्र-छात्राओं को यह सुविधा पूर्ण रूप से निशुल्क प्रदान की जाएगी।टॉप-21 में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में आगामी 1 सितंबर को विद्यालय परिसर में भव्य सम्मान समारोह एवं शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन की ओर से चयनित छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम की सूचना भी दे दी गई है। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें उनकी आवश्यक शिक्षण सामग्री एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की किसी भी प्रकार से शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ स्वर्गीय राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार सकारात्मक पहल की जा रही है।विद्यालय के प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनके भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि, “हमारे शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाला कोई भी छात्र या छात्रा आर्थिक अथवा किसी अन्य वजह से शिक्षा से वंचित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। यदि किसी विद्यार्थी में प्रतिभा है और वह आगे बढ़ना चाहता है तो उसकी शिक्षा किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने दी जाएगी।”उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन भविष्य में प्रतिवर्ष ऐसे कदम उठाता रहेगा, जिनसे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, आवश्यक संसाधन और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। अटल कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थी ही देश और समाज का भविष्य हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए।उन्होंने बताया कि स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह की स्मृति में आयोजित प्रतियोगी परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था। परीक्षा के परिणाम के आधार पर चयनित टॉप-21 विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा चार वर्षों तक पढ़ाई में आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।विद्यालय प्रबंधन की इस पहल से चयनित छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र में भी विद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उठाए गए इस कदम की सराहना की जा रही है।



