Breaking Newsभारत

यूपी की चर्चित IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, बोलीं- पद तो छूट गया, सपना नहीं जो इस मिट्टी ने दिया

यूपी की चर्चित IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, बोलीं- पद तो छूट गया, सपना नहीं जो इस मिट्टी ने दिया

*लखनऊ।* उत्तर प्रदेश की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह वर्तमान में राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं।

सूत्रों के मुताबिक उन्होंने मुख्य सचिव एसपी गोयल को अपना इस्तीफा सौंपा है। रविवार सुबह उन्होंने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

भावुक पोस्ट में क्या लिखा –
उन्होंने लिखा – _आज आभार से आंखें नम हैं। बस एक दृश्य इनमें बसा है। पद तो आज छूट गया, लेकिन सपना नहीं छूटेगा, जो देश की इस मिट्टी ने मुझे दिया।_

हूबहू इस्तीफा पत्र –
_आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए IAS से त्यागपत्र दे दिया है। साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था। दिन-रात एक कर IIT दिल्ली और IIM बेंगलोर से पढ़ने के बाद लंदन में नौकरी लग गई। पर ‘सब कुछ’ पा लेने पर भी कुछ अधूरा था। अपने देश में न होना खलता था। मेरी पढ़ाई, आत्मविश्वास, दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की ताकत, सब इस मिट्टी का कर्ज था मुझ पर। वो कर्ज चुकाना था।_

_बहुत कुछ करने का मौका मिला और बहुत सीखा। देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है। मिर्जापुर ने सिखाया कि ‘असंभव’ कोई तथ्य नहीं, बस एक राय है।_

_सबसे बड़ी सीख यह थी कि अपने लिए देखे सपने तो पूरे हो चुके थे, अब अपने लोगों के लिए देखे सपनों को जीना था। इस जीवन का असली सुकून उन आंखों में दिखा, जिस परिवार को पहली बार जमीन का हक मिला, जिस दिव्यांग को सम्मान से जीने का अवसर मिला और जिस किसान के खेत को पानी मिला।_

_लहुरिया दह की पहाड़ी की वो वृद्ध मां, जो अपने गांव में पहली बार पानी पहुंचता देख कुछ नहीं बोली, बस कांपते हाथों से मेरा सिर छूकर आशीर्वाद दे गई। पद तो आज छूट गया, पर वह स्पर्श जीवन भर नहीं छूटेगा।_

आपकी अपनी,
दिव्या मित्तल

कौन हैं दिव्या मित्तल?

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में जन्मीं दिव्या 2013 बैच की IAS अफसर हैं। IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA हैं। MBA के बाद उनकी शादी गगनदीप सिंह से हुई, जो खुद IAS हैं।

शादी के बाद दोनों लाखों के पैकेज पर लंदन चले गए थे, लेकिन कुछ ही महीने में नौकरी छोड़कर भारत लौट आए। भारत आकर दिव्या ने UPSC की तैयारी की। 2012 में उनका IPS में चयन हुआ और गुजरात कैडर मिला, फिर 2013 में IAS में चयन हुआ।

कब-कब चर्चा में रहीं?

– 19 सितंबर 2022 को मिर्जापुर DM का कार्यभार लिया, करीब 12 महीने DM रहीं। ट्रांसफर पर लोगों ने फूलों की बारिश की थी।
– चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग के दौरान मंच पर बच्ची के साथ डांस का वीडियो वायरल हुआ था।
– मिर्जापुर के लहुरियादह गांव में पहली बार पानी पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button