जखनियां/गाजीपुर : नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज में जागरूकता रैली, छात्राओं ने बनाई मानव श्रृंखला

नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज में जागरूकता रैली, छात्राओं ने बनाई मानव श्रृंखला
महिला सशक्तिकरण के समर्थन में गूंजे नारे, पदयात्रा निकालकर जागरूकता का दिया संदेश

जखनियां/गाजीपुर।श्री महंथ रामाश्रय दास पी.जी. कॉलेज भुड़कुड़ा में शुक्रवार को ‘नारी शक्ति वंदन प्रचार अभियान’ (10 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026) के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा मानव श्रृंखला एवं महिला सशक्तिकरण जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह एवं डॉ. शेषनाथ यादव के नेतृत्व में किया गया। पदयात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर महिला सशक्तिकरण के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
छात्राओं के नारों में जोश और जागरूकता साफ दिखाई दी—
“हम लड़ेंगे, जब तक दुनिया में लड़ने की जरूरत बाकी है” और “हम लड़ेंगे कि लड़े बगैर कुछ नहीं मिलता” जैसे नारों ने माहौल को प्रेरणादायक बना दिया।पदयात्रा के दौरान छात्राओं ने महिला अधिकारों और आरक्षण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए इसे महिलाओं के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के उपरांत छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नारी एकता का प्रभावशाली संदेश दिया।इस अवसर पर छात्राओं ने यह भी कहा कि आज महिलाएं सांसद से लेकर राष्ट्रपति तक महत्वपूर्ण पदों पर आसीन हैं, लेकिन आपसी एकता के अभाव में नारी उत्पीड़न के मुद्दों पर अपेक्षित आवाज नहीं उठ पाती। उन्होंने जागरूकता और एकजुटता को ही इसका समाधान बताया।कार्यक्रम के संरक्षक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार जायसवाल (सीएमए) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व प्रो. रमेश कुमार एवं डॉ. धर्मेंद्र कुमार मौर्य ने किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



