वाराणसी में बवाल: दो संगठनों के विवाद में जमकर हुआ पथराव, एसीपी का फटा सिर, दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल

वाराणसी में बवाल: दो संगठनों के विवाद में जमकर हुआ पथराव, एसीपी का फटा सिर, दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में पोस्टर और झंडा के विवाद ने हिंसा का रूप धारण कर लिया है। शुक्रवार को मामले में दो संगठनों के बीच पथराव होने से पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं।
वाराणसी कमिश्नरेट के चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया में आंबेडकर और केशरिया झंडा उतारने को लेकर दूसरे दिन भी बवाल हो गया। दोनों संगठनों के विवाद में जमकर पत्थरबाजी हुई। जिसमें एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना का सिर फट गया। घटना के बाद घायल एसीपी सारनाथ को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पत्थरबाजी में एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। वहीं दो संगठनों के विवाद में पथराव के बाद मौके पर पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
घटनास्थल पर डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी, सारनाथ थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस बल मौजूद हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीएम पिंडरा, तहसीलदार पिंडरा कुलवंत सिंह सहित एडिशनल सीपी भी पहुंचे और घटना की जानतारी ली। क्या है पूरा मामलाजानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के अवसर पर गांव स्थित भैरव बटुक धाम जाने वाले गेट पर कुछ लोगों ने आंबेडकर का झंडा लगाया था। आरोप है कि बाद में कुछ अराजकतत्वों ने झंडे को फाड़कर जला दिया। इसकी सूचना मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे और विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई, जब हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से माहौल गरमा गया और विवाद बढ़ने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इधर, शुक्रवार को फिर दोनों पक्ष आमने- सामने आ गए।



