गोरखपुर: शादी के 2 साल बाद भी नहीं बनाए शारीरिक संबंध, मेडिकल सैंपल देने के नाम पर अस्पताल से भागा पति; 5 पर FIR

गोरखपुर: शादी के 2 साल बाद भी नहीं बनाए शारीरिक संबंध, मेडिकल सैंपल देने के नाम पर अस्पताल से भागा पति; 5 पर FIR
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से वैवाहिक प्रताड़ना और धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गोरखनाथ थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 30 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के दो साल बीत जाने के बाद भी उसके पति ने उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाए और जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
दवाओं का बहाना बनाकर बनाता रहा दूरी
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 19 नवंबर 2021 को लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही पति लगातार किसी कथित बीमारी और दवाओं के लंबे कोर्स का बहाना बनाकर पत्नी से दूरी बनाए रखता था। जब भी पत्नी इस विषय पर बात करने की कोशिश करती, तो आरोपी पति और ससुराल वाले बात को टाल देते थे।
अस्पताल में खुला राज, सैंपल देने के डर से भागा आरोपी
मामले में नया मोड़ सितंबर 2025 में आया, जब महिला अपने पति को इलाज के लिए लखनऊ के मेट्रो हॉस्पिटल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के लिए पति का मेडिकल सैंपल मांगा। डॉक्टरों के काफी प्रयासों के बाद भी पति सैंपल देने में नाकाम रहा। आरोप है कि पोल खुलने के डर से वह घबराहट का बहाना बनाकर अस्पताल से ही भाग निकला।
मायके से 5 लाख लाने का दबाव, विरोध पर बेरहमी से पीटा
इस घटना के बाद ससुराल पक्ष ने अपनी कमियों को छुपाने के लिए नया पैंतरा अपनाया। उन्होंने बीमारी के इलाज के खर्च का हवाला देते हुए पीड़िता पर मायके से ₹5 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब विवाहिता ने इस नाजायज मांग का विरोध किया, तो ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया।
थाना प्रभारी का बयान: 5 के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी पति, सास, देवर और ननद सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।



