Breaking Newsभारत

गाजीपुर : 1 जुलाई से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम

1 जुलाई से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम

31 जुलाई तक चलेगा अभियान, 11 से 31 जुलाई तक होगा दस्तक अभियान; साफ-सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव पर विशेष जोर

गाजीपुर, 19 जून। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आगामी 1 जुलाई से 31 जुलाई तक तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग माइक्रोप्लान के अनुसार अपनी जिम्मेदारियां तय करते हुए कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय में कार्यों को पूरा करें।जिलाधिकारी ने कहा कि किसी विभाग द्वारा अभियान में शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला पंचायतराज विभाग को प्रत्येक गांव में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, एंटी लार्वा छिड़काव एवं नालों की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में भी व्यापक साफ-सफाई, नालियों की सफाई, फॉगिंग तथा झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश दिए। दस्तक अभियान के तहत शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी गतिविधियां संचालित करने पर बल दिया गया।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी स्थान पर जलभराव की स्थिति न बनने पाए। जहां जलभराव हो, वहां तत्काल एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाए। उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण से संबंधित समस्त गतिविधियों की दैनिक मॉनिटरिंग के लिए एक ग्रुप बनाकर उसमें प्रतिदिन किए गए कार्यों की फोटोग्राफ अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button