Breaking Newsभारत

गाजीपुर : गाजीपुर में 1328 आंगनबाड़ी सहायिकाओं का चयन, 313 को वितरित हुए नियुक्ति पत्र

गाजीपुर में 1328 आंगनबाड़ी सहायिकाओं का चयन, 313 को वितरित हुए नियुक्ति पत्र

गाजीपुर।संगीता बलवंत की उपस्थिति में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। ऑडिटोरियम हाल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बेदी राम, सपना सिंह, सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य व पोषण स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनपद में लगभग 1300 आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पद स्वीकृत कर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। नियुक्ति पत्र मिलने से चयनित महिलाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने चयनित सहायिकाओं से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्ति, टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल तथा पोषण अभियान को सफल बनाने में उनकी अहम भूमिका होगी।जखनियां विधायक बेदी राम ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चयनित महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में भी योगदान देंगी।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सभी सहायिकाओं को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे अपने कार्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी ने बताया कि जनपद के 16 विकास खंडों एवं शहर की 17 बाल विकास परियोजनाओं में 4127 सहायिकाओं के सापेक्ष 1352 रिक्त पदों के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी। चयन प्रक्रिया के बाद 1328 सहायिकाओं का चयन किया गया, जिनमें से 313 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि चयनित अभ्यर्थी तत्काल अपने-अपने ब्लॉक में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करें।उन्होंने बताया कि 30 मई 2026 को विरनो, सदर, शहर, सादात, करंडा, रेवतीपुर, भदौरा, सैदपुर, जखनियां, मनिहारी एवं कासिमाबाद बाल विकास परियोजनाओं में 1015 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में चयनित अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button