
गोआश्रय स्थलों पर धूमधाम और श्रद्धाभाव से मनाई गई गोवर्धन पूजा, विधि-विधान से हुआ गोपूजन
गोवंशों को गुड़ एवं फल खिलाकर किया गया सम्मानित, जनप्रतिनिधियों और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने लिया हिस्सा
गाजीपुर। गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं उनके प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न गोआश्रय स्थलों पर 9 एवं 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा का त्योहार धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर गोआश्रय स्थलों की साफ-सफाई कर दीप प्रज्ज्वलित किए गए तथा पंडितों एवं आचार्यों द्वारा विधि-विधान से गोपूजन कराया गया। पूजा के दौरान गोवंशों को गुड़ एवं फल खिलाकर उनका सम्मान किया गया।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गाजीपुर ने बताया कि गोवर्धन पूजा के मद्देनजर जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों पर विशेष तैयारियां की गई थीं। पूजा के लिए थाली, रोली, चंदन, पुष्पमाला, गुड़ एवं फल आदि की व्यवस्था की गई थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गोआश्रय स्थल संचालकों, खंड विकास अधिकारियों तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।इसी क्रम में वृहद गोसंरक्षण केंद्र पिपनार, विकासखंड सादात में पूर्व भाजपा सांसद प्रत्याशी पारसनाथ राय एवं केंद्र संचालक संतोष राय की उपस्थिति में गोपूजन किया गया। वहीं अस्थायी गोआश्रय स्थल मंडी समिति जलालाबाद, विकासखंड जखनियां में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव एवं संचालक रुद्र प्रताप सिंह ने पूजा-अर्चना में भाग लिया।अस्थायी गोआश्रय स्थल भलुही मोड़, बद्दूपुर, विकासखंड बिरनो में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष धनंजय प्रजापति एवं संचालक अखिलेश सिंह की मौजूदगी में गोपूजन हुआ। इसी प्रकार अस्थायी गोआश्रय स्थल बिरनो में ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह एवं पशु चिकित्साधिकारी डॉ. गुरुदेव मौर्य ने गोवंशों का पूजन किया। अस्थायी गोआश्रय स्थल नौली, विकासखंड रेवतीपुर में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विनोद खरवार, मंडल महामंत्री विनोद पाण्डेय एवं संचालक सुनील कुमार पाण्डेय ने विधिवत पूजा-अर्चना की।नगर क्षेत्र में भी गोवर्धन पूजा का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। अस्थायी गोआश्रय स्थल आरटीआई, सदर गाजीपुर में नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार शाही की उपस्थिति में गोपूजन किया गया। वहीं अस्थायी गोआश्रय स्थल पानी की टंकी, मुहम्मदाबाद में नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के अध्यक्ष रईस अहमद एवं उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार गौतम ने विधि–विधान से पूजा–अर्चना की।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गोवर्धन पूजा का मुख्य उद्देश्य गोवंश के प्रति सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन की भावना को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों पर उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव का माहौल बना रहा।



