
छठ महापर्व को लेकर डीएम ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
साफ-सफाई, बैरिकेडिंग के साथ नाव और प्रशिक्षित गोताखोरों की होगी तैनाती, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने पर जोर
गाजीपुर। छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्व से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले ददरी घाट पहुंचे। यहां उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं, जिससे व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने सभी छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गोताखोर निर्धारित ड्रेस में पूरी तरह मुस्तैद रहें, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। इसके साथ ही महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराने तथा घाटों की नियमित सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा।उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर समय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और सभी व्यवस्थाएं पर्व शुरू होने से पहले पूरी कर लें।इसके बाद जिलाधिकारी ने नवापुरा घाट, सिकंदरपुर घाट एवं नेपाली बाबा घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक घाट पर आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा इंतजामों को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा–निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गाजीपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



